नक्सलियों से खिलाफ सीधी लड़ाई का समय : रमन सिंह
रायपुर, 18 अगस्त (आईएएनएस)। देश के सबसे अधिक नक्सल प्रभावित राज्य छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह का कहना है कि इस बुराई से निपटने के लिए तीन मोर्चो पर सीधी लड़ाई का समय आ गया है।
सिंह ने नई दिल्ली में एक बैठक में सोमवार को कहा कि नक्सलवाद को राष्ट्रीय आपदा माना जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आंतरिक सुरक्षा पर मुख्यमंत्रियों की नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान सिंह ने कहा," नक्सलवाद को खत्म करने के लिए तीन मोर्चो पर सीधी लड़ाई का समय आ गया है।"
उन्होंने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सली समस्या की व्यापकता को देखते हुए सुरक्षा बलों को नक्सलवादियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की अनुमति देनी चाहिए। इसके अलावा नक्सलियों के अपनी हिंसा और आंदोलन को जायज ठहराने वाले प्रचार की प्रभावी काट के रूप में प्रभावित इलाकों में सामाजिक,आर्थिक और मूलभूत विकास किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद की समस्या की व्यापकता को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय आपदा की श्रेणी में शामिल कर लेना चाहिए और प्रभावित लोगों तथा परिवारों को राष्ट्रीय आपदा कोष से सहायता मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह कहते आ रहे हैं कि नक्सली समस्या से निपटने के लिए केंद्र द्वारा समेकित रणनीति अपनाने की आवश्यकता है क्योंकि नक्सलवाद और आतंकवाद एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
रमन सिंह ने कहा कि अब इस समस्या से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने ध्यान दिया है, इससे वह संतुष्ट हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications