पश्चिम बंगाल में स्वाइन फ्लू के 53 मामलों की पुष्टि
यहां ढाई साल के एक बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है जबकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की भतीजी की हालत स्थिर बनी हुई है।
स्वाइन फ्लू से संबद्ध राज्य के नोडल अधिकारी तपस सेन ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में मंगलवार को छह व्यक्ति स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही राज्य में इस बीमारी के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 53 हो गई।"
सेन ने बताया कि यहां 'आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल' में भर्ती ढाई साल के आकाश चौधरी की हालत नाजुक हो जाने पर उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
उन्होंने बताया कि गांगुली के बड़े भाई की 11 वर्षीया पुत्री स्नेहा की हालत स्थिर बनी हुई है और उसकी सेहत में संतोषजनक सुधार हो रहा है। सोमवार को स्नेहा के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी।
राज्य में अब तक एम. आर. बांगुर तथा संचारी रोग अस्पताल में स्वाइन फ्लू का इलाज हो रहा है। इसके अलावा राज्य सरकार की एक अन्य अस्पताल में भी अलग वार्ड खोलने की योजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications