बिहार में बिजली गिरने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत
पटना, 18 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली गिरने के कारण पिछले दो दिनों में छह महिलाओं समेत 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज राज्य के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को राज्य में बिजली गिरने से करीब 12 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया मारे जाने वालों में अधिकतर मजदूर तथा किसान थे। उन्होंने बताया कि सोमवार को पटना के विभिन्न क्षेत्रों में छह, औरंगाबाद में चार तथा भोजपुर जिले में दो लोगों की मौत हो गई।
अधिकारी के अनुसार रविवार को राज्य के लखीसराय जिले के हलसी थाना के बेलागांव में बिजली गिरने से महेन्द्र रजक की पत्नी धबिया देवी तथा उसकी पुत्री सुरकी कुमारी व पूजा कुमारी की मौत हो गई थी।
इसके अलावे पटना जिले के नौबतपुर थाना के वादीपुर गांव में भी एक शिक्षक मनीष कुमार की मौत भी रविवार की देर रात बज्रपात के कारण हो गई।
इसी तरह जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों में तीन लोगों की मौत बज्रपात के कारण हो गई। इधर, रविवार को ही भोजपुर तथा बक्सर जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत बज्रपात से हो गई थी।
उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से एक दर्जन लोग घायल भी हुए हैं जिनका इलाज राज्य के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications