चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू के 5 नए संदिग्ध मामले
चंडीगढ़, 18 अगस्त (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के पांच नए मामले प्रकाश में आए जबकि 35 व्यक्तियों की जांच की रिपोर्ट अभी नई दिल्ली से आना बाकी है।
चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू से संबद्ध नोडल अधिकारी एच.सी. गेरा ने बताया, "दो संदिग्ध मामले पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर)और तीन संदिग्ध मामले सेक्टर 32 के सरकारी अस्पताल में सामने आए हैं। उनके चिकित्सकीय नमूने जांच के लिए नई दिल्ली भेज दिए गए हैं।"
उन्होंने बताया, "करीब 35 व्यक्तियों की जांच की रिपोर्ट अभी नई दिल्ली से आना बाकी है। पहले रिपोर्ट 24 घंटे में आ जाती थी लेकिन भीड़ बढ़ने से अब वहां से रिपोर्ट आने में तीन या चार दिन लग रहे हैं।"
गेरा ने हालांकि कहा कि डरने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि चंडीगढ़ में हालात काबू में हैं।
उन्होंने कहा कि सेक्टर 12 में पीजीआईएमईआर, सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल और सेक्टर 32 के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सहित तीन अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के लिए अलग वार्ड बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है और आपात स्थिति से निपटने के लिए दवाओं का पर्याप्त भंडार मौजूद है।
अब तक शहर के अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के करीब 100 संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से आठ इससे बीमारी से संक्रमित पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "पहले स्वाइन फ्लू के संक्रमण से मौतों की खबर के बाद लोगों में दहशत फैल गई थी और मामूली सिर दर्द होने पर भी वे स्वाइन फ्लू की जांच करवाने के लिए आने लगे थे।"
उन्होंने बताया कि कल भारत सरकार से नए दिशानिर्देश मिले हैं। अब उन्हीं लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे जिनमें इसके लक्षण होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications