जिन्ना पर जसवंत के विचारों से भाजपा ने खुद को अलग किया
पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा, "जसवंत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक में उनके द्वारा व्यक्त किए गए विचारों से भाजपा अपने को पूर्णत: अलग करती है। पुस्तक में व्यक्त विचार किसी भी रूप में भाजपा के दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व नहीं करते।"
राजनाथ ने कहा, "भारत विभाजन, जिस कारण इतिहास के उस कालखंड में अस्थिरता पैदा हुई और करोड़ों लोगों के बेघर होना पड़ा, के दुखद घटनाक्रम में जिन्ना की भूमिका जगजाहिर है। इतिहास की इस दुखद त्रासदी को हम भुला नहीं सकते।"
उन्होंने कहा, "सरदार वल्लभ भाई पटेल ने विभाजन के उस चुनौती भरे नाजुक दौर में देश की एकता व अखंडता को सुदृढ़ करने में एक ऐतिहासिक भूमिका निभाई। संपूर्ण राष्ट्र सरदार पटेल के प्रति कृतज्ञ है और उनकी दूरदृष्टि, साहस और नेतृत्व क्षमता पर गर्व का अनुभव करता है।"
गौरतलब है कि जिन्ना की प्रशंसा करते हुए जसवंत सिंह ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि वह धर्मनिरपेक्ष थे। उन्होंने विभाजन के लिए प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभ भाई पटेल को जिम्मेदार ठहराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications