हमें नेता की भद्दी छवि से उबरना है : आडवाणी
चंडीगढ़, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सोमवार को भारतीय नेताओं की छवि में बदलाव लाने की जरूरत पर जोर दिया।
आडवाणी पंजाब के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बलरामजी दास टंडन की आत्मकथा का विमोचन करने सोमवार को चंडीगढ़ में थे।
आडवाणी ने यहां शाम को पुस्तक का विमोचन करने के बाद कहा, "आम आदमी की नजर में नेता की छवि अच्छी नहीं है। लोग अपने नेताओं से डरे हुए हैं और उनसे संपर्क नहीं करना चाहते। अब हमें भारतीय नेताओं की भद्दी छवि को बदलने की जिम्मेदारी लेनी है।"
आडवाणी ने कहा, "राजनीति से जुड़ने वाले युवाओं में सिद्धांतों को लेकर भारी गिरावट आई है। वे सभी तत्काल शिखर पर जाना चाहते हैं लेकिन उनमें निस्वार्थ सेवा और समर्पण के मूल्यों का अभाव है। वास्तव में समाज के हर क्षेत्र में मूल्यों में गिरावट देखी गई है, लेकिन दुर्भाग्यवश लोग राजनेताओं की ओर उंगली उठाते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications