खसरा के लिए सूखे पॉउडर के टीके का परीक्षण करेगा भारत
नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। देश में अगले वर्ष खसरा के लिए सूखे पॉउडर के पहले टीके का परीक्षण किया जाएगा। इस रोग से लाखों बच्चे पीड़ित होते हैं और प्रति वर्ष 200,000 बच्चे मौत के मुंह में समा जाते हैं।
सूखे पॉउडर का टीका विकसित करने वाले दल का नेतृत्व करने वाले युनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो-बाउंल्डर (यूसी-बी) के रॉबर्ट सीवर्स ने कहा है कि विकासशील देशों के लिए यह पूरी तरह उपयुक्त है। खासतौर से उन इलाकों के लिए, जहां पारंपरिक तरल टीकों के लिए रेफ्रिजरेशन हेतु बिजली, शुद्ध पानी और जीवाणुरहित सूईयों का अभाव है।
उन्होंने कहा, "इस टीके का मनुष्य पर परीक्षण भारत में अगले वर्ष शुरू होने की उम्मीद है। इस वर्ष इस टीके का जानवरों पर परीक्षण संपन्न हो जाएगा।"
यदि सुरक्षा और प्रभाव के अंतिम परीक्षण सफल हो गए तो भारतीय सीरम संस्थान लिमिटेड को उम्मीद है कि एक साल में इस टीके की 40 करोड़ खुराकों की मांग हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications