देश में स्वाइन फ्लू के 220 नए मामले (लीड-1)
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार सोमवार को भी सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र के ही हैं। यहां मुंबई में 90 और पुणे में 42 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। मुंबई में पीड़ित मरीजों में दो छोड़कर किसी ने भी विदेश यात्रा नहीं की है।
बयान के अनुसार सोमवार को मुंबई और पुणे के अलावा नासिक (5), अहमदनगर (4), उस्मानाबाद (4), नागपुर (3), वशीम (2), औरंगाबाद (1), जालना (1), चेन्नई (20), बेंगलुरू (11), बेलगाम (1), उडुपी (3), अहमदाबाद (16), दिल्ली (7), जम्मू (4), रायपुर (3), कोलकाता (3) नए मामले सामने आए हैं।
पश्चिम बंगाल में 44 मामले :
पश्चिम बंगाल में सोमवार को पांच और व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में इसके मामलों की संख्या बढ़कर 44 हो गई।
राज्य में स्वाइन फ्लू से संबद्ध नोडल अधिकारी तपस सेन ने आईएएनएस को बताया, "पांच लोगों में आज स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही इसके मामलों की संख्या बढ़कर 44 हो गई। उन्हें बेलियाघाट के संचारी रोग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" राज्य में अब तक इस बीमारी से किसी की मौत का समाचार नहीं है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की भतीजी में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है और उसे अस्पताल के एक अलग वार्ड में भर्ती किया गया है।
पश्चिम बंगाल के स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी तपस सेन ने बताया, "सोमवार को गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली की पुत्री स्नेहा गांगुली (11) की स्वाइन फ्लू की जांच सकारात्मक रही।" सेन ने कहा, "स्नेहा को कोलकाता स्थित एम.आर. बांगुर अस्पताल के एक अलग वार्ड में भर्ती कराया गया है।" सूत्रों के मुताबिक स्नेहा की हालत स्थिर है और उसे चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है।
छत्तीसगढ़ में 3 मामले :
छत्तीसगढ़ में हाल ही में महाराष्ट्र से लौटे तीन व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। राज्य में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी टी. के. अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया, "छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 90 से अधिक संदिग्ध मरीजों के चिकित्सीय नमूनों को जांच के लिए दिल्ली भेजा गया था। उनमें से 36 की जांच रिपोर्ट सोमवार को मिली। जांच में तीन व्यक्ति स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए।"
मध्य प्रदेश में 66 संदिग्ध मामले :
मध्य प्रदेश में चार और व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने के साथ ही इस रोग के संदिग्ध मरीजों की संख्या 66 हो गई है। साथ ही पांच संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच रिपोर्ट पुणे से आ चुकी है लेकिन उनमें से कोई भी इस रोग से पीड़ित नहीं पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग के संचालक डॉक्टर अशोक शर्मा ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि राज्य में चार और संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें से दो राजधानी भोपाल तथा दो इंदौर से हैं। इस तरह राज्य स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। जिनमें से 21 मामले भोपाल, 17 इंदौर, 26 जबलपुर तथा दो रीवा के हैं।
जम्मू में 5 मामले :
जम्मू में सोमवार को स्वाइन फ्लू के चार नए मामले प्रकाश में आने के साथ ही यहां इसके मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। मेडीकल कॉलेज अस्पताल के एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया, "35 संदिग्धों की रिपोर्ट में सोमवार को चार में स्वाइन फ्लू का संक्रमण पाया गया है।"
आईआईएम अहमदाबाद में फ्लू को लेकर सतर्कता :
भारतीय प्रबंधन संस्थान-अहमदाबाद (आईआईएम-ए) अपने परिसर को स्वाइन फ्लू के खतरे से बचाने के उपायों पर अहमदाबाद नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारियों से सलाह ले रहा है।
आईआईएम-ए के एक प्रवक्ता ने सोमवार को एक बयान में कहा, "हमने अहमदाबाद नगर निगम द्वारा दिए गए कई सारे निर्देशों का पालन करते हुए परिसर में इनफ्लुएंजा एच1एन1 वायरस के किसी भी खतरे को रोकने के लिए कई सारे उपाय किए हैं।"
प्रवक्ता ने कहा कि परिसर में स्वाइन फ्लू की स्थिति पर बराबर निगरानी रखी जा रही है और संस्थान अहमदाबाद नगर निगम की ओर से सुझाए गए सभी रोकथाम के उपायों को अपना रहा है।
परिसर में स्वाइन फ्लू को लेकर ये सारे कदम तब उठाए जा रहे हैं, जब यहां पढ़ाई कर रही प्रथम वर्ष की एक छात्रा में स्वाइन फ्लू के वायरस पाए गए, लेकिन वह छात्रा प्रबंधन को बिना सूचित किए रविवार को अपने घर दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
एक अधिकारी ने कहा कि अहमदाबाद नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी छात्रा के पास पहुंचते और उसे शहर के किसी अस्पताल में भर्ती कराया जाता, इसके पहले ही वह छात्रा परिसर से चली गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications