उत्तर प्रदेश की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव मंगलवार को
जिन चार सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव हो रहा है उनमें लखनऊ की मलीहाबाद, औरैया की विधूना, मुजफ्फरनगर की मोरना और मुरादाबाद पश्चिम है। लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए इन चारों सीटों के विधायकों ने अपने-अपने इस्तीफे दे दिए थे।
मलीहाबाद सीट से विधायक रहे गौरीशंकर ने बीते लोकसभा चुनाव से पहले पाला बदलकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दामन थाम लिया था। उन्होंने इटावा से लोकसभा का चुनाव लड़ा। मोरना सीट से विधायक रहे कादिर राणा ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) छोड़कर बसपा के टिकट पर मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
मुरादाबाद पश्चिम सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रहे राजीव चन्ना ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर बसपा के टिकट पर मुरादाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ा था। वहीं विधूना सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रहे धनीराम वर्मा के बेटे महेश वर्मा को बसपा ने कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ाया था। इस वजह से उन्होंने अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया था।
इन सीटों पर रविवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर समाप्त हो गया था। अब प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसम्पर्क कर रहे हैं।
जिस सीट पर सबकी निगाहें हैं उसमें मलीहाबाद है। बसपा ने दिवंगत गौरीशंकर के पुत्र सिद्धार्थशंकर को मैदान में उतारा है तो सपा ने मोहनलालगंज की पूर्व सांसद रीना चौधरी को यहां से टिकट दिया है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक संत नारायण कन्नौजिया को और भाजपा ने प्रशासनिक अधिकारी रहे श्रीपाल वर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
इस सीटों पर मतगणना का काम 21 अगस्त को होगा। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
उनके मुताबिक जिन सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव चुनाव हो रहा है, वहां प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की करीब 20 कंपनियों के अलावा, पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की तैनाती की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications