बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के खिलाफ हत्या का आरोप खारिज
ढाका, 17 अगस्त (आईएएनएस)। ढाका की एक अदालत ने सोमवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनके राजनीतिक सहयोगियों पर तीन वर्ष पहले लगे हत्या के आरोप को खारिज कर दिया है।
एक रैली में उपस्थित रहने के कारण उन पर ये आरोप लगाए गए थे। रैली में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में सात लोगों की मौत हुई थी।
गृह मंत्रालय की मामले को वापस लेने की सिफारिश के साथ सरकारी वकील अब्दुल्ला अबु द्वारा दायर याचिका पर मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट दिलारा चंदना ने यह फैसला दिया।
29 अक्टूबर 2006 को हसीना के नेतृत्व वाले गठबंधन और जमात-ए-इस्लामी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी।
उस समय की खबरों में कहा गया था कि जमात के कार्यकर्ताओं ने हसीना की रैली में कथित तौर से बाधा डाली। अगले दिन दोनों पक्षों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
हसीना का नाम जमात की शिकायत में नहीं था लेकिन एक पुलिस अधिकारी ने उनका नाम उसमें डाल दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications