कमांडो प्रशिक्षण स्कूल खोलना चाहती है कर्नाटक सरकार
मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने आतंरिक सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्रियों की बैठक में कहा, "मुझे यह स्वीकार करने में संकोच नहीं है कि वर्तमान में जो प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं वह स्तरीय नहीं है।" मुख्यमंत्रियों की इस बैठक का उद्घाटन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया।
येदियुरप्पा ने कहा, "तटीय सुरक्षा से जुड़े पुलिसकर्मी, नक्सल निरोधी बल, आतंकवाद निरोधी प्रकोष्ठ और त्वरित कार्रवाई बल टीम से जुड़े कर्मी हमेशा चुस्त-दुरुस्त रहें और अपने कौशल का विकास करते रहें इसके लिए लगातार प्रशिक्षण की जरूरत है।"
कर्नाटक पश्चिम में 320 किलोमीटर के दायरे में समुद्र तट से जुड़ा हुआ है। राज्य के 29 में से कम से कम चार जिले नक्सल प्रभावित हैं। ये जिले हैं चिकमंगलूर, शिमोगा, दक्षिण कन्नड़ा और उडुपी। बेंगलुरू में दो बार दिसंबर 2005 और जुलाई 2008 में आतंकवादी हमला हो चुका है।
येदियुरप्पा ने कहा कि केंद्र सरकार को तटीय सुरक्षा और आतंकवाद निरोधी कार्यो में होने वाले खर्च के भार का कुछ हिस्सा वहन करना चाहिए। इससे राज्य सरकार को इन इकाइयों में सृजित पदों को भरने में सुविधा होगी और तभी ये इकाई संपूर्णता में और ठोस तरीके से कार्य कर सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications