जम्मू में स्वाइन फ्लू के 4 नए मामले
जम्मू, 17 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू में सोमवार को स्वाइन फ्लू के चार नए मामले प्रकाश में आने के साथ ही यहां इसके मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
नई दिल्ली के राष्ट्रीय संचारी रोग केंद्र को पैंतीस संदिग्ध मरीजों के नमूने भेजे गए थे। मेडीकल कॉलेज अस्पताल के एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया, "हमें सभी की जांच रिपोर्ट मिल गई हैं जिनमें से चार में स्वाइन फ्लू का संक्रमण पाया गया है।"
उन्होंने बताया कि सरकार ने इन मरीजों को अलग-थलग रखने के प्रबंध किए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामलाल शर्मा ने जनता से भयभीत न होने को कहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि मरीजों के इलाज के लिए हर प्रकार के जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने टेलीविजन पर प्रसारित अपील में कहा है, "यह महज एक रोग है, जिसका इलाज संभव है। घबराने या चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications