पश्चिम बंगाल में स्वाइन फ्लू के 44 मामले
कोलकाता, 17 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सोमवार को पांच और व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में इसके मामलों की संख्या बढ़कर 44 हो गई।
राज्य में स्वाइन फ्लू से संबद्ध नोडल अधिकारी तपस सेन ने आईएएनएस को बताया, "पांच लोगों में आज स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही इसके मामलों की संख्या बढ़कर 44 हो गई। उन्हें बेलियाघाट के संचारी रोग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
राज्य में अब तक इस बीमारी से किसी की मौत का समाचार नहीं है।
उन्होंने बताया, "इस समय स्वाइन फ्लू के 23 मरीज हैं जिनमें से 15 बेलियाघाट के संचारी रोग अस्पताल और आठ एम आर बांगुर अस्पताल में भर्ती हैं।"
शहर में अब तक सिर्फ दो ही अस्पतालों में स्वाइन फ्लू का इलाज हो रहा है और उनमें मरीजों को बहुत भीड़ है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की अन्य अस्पतालों में भी अलग वार्ड शुरू करने की योजना है।
मुख्य सचिव अशोक चक्रबर्ती की अध्यक्षता 18 अगस्त को एक बैठक में राज्य में स्वाइन फ्लू की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
राज्य का शिक्षा विभाग पहले से ही इस बीमारी के बारे में स्कूलों के लिए परामर्श जारी कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications