अधिकांश अमेरिकी नोटों में कोकीन का अंश
इस संबंध में अब तक के सबसे बड़े और व्यापक शोध को अंजाम देने वाले विश्लेषकों के अनुसार अमेरिका के 90 प्रतिशत बैंक नोटों में कोकीन की उपस्थिति पाई गई है।
वैज्ञानिकों को राजधानी वाशिंगटन डी.सी. के 95 प्रतिशत बैंक नोटों में कोकीन के अंश मिले हैं।
वैज्ञानिकों ने पांच देशों-अमेरिका, कनाडा, ब्राजील, चीन और जापान में 30 से अधिक शहरों में बैंक नोटों का परीक्षण किया और कई इलाकों में कोकीन के उपयोग के चिंताजनक साक्ष्य पाए।
अमेरिका और कनाडा में कोकीन संदूषित नोटों की संख्या सबसे अधिक 85 और 90 प्रतिशत पाई गई, वहीं चीन और जापान में यह सबसे कम 12 और 20 प्रतिशत थी।
उल्लेखनीय है कि चीन और जापान की मुद्रा के कोकीन संदूषित होने के बारे में यह पहली रिपोर्ट है।
नोटों में कोकीन का अंश नशीली दवाओं के अवैध व्यापार और कोकीन का सीधे उपयोग करने वालों के माध्यम से आता है।
अध्ययन करने वाले दल के प्रमुख मैसाचु़सेट्स विश्वविद्यालय के युएगैंग जुओ ने कहा कि दो वर्ष पहले किए गए अध्ययन की तुलना में इस बार कोकीन संदूषित नोटों की संख्या में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पहले के अध्ययन में 67 प्रतिशत अमेरिकी नोटों में कोकीन का अंश पाया गया था।
जुओ ने कहा कि नोटों में कोकीन का अंश बढ़ने के बारे में कुछ निश्चित नहीं कहा जा सकता है लेकिन इसका संबंध मंदी से हो सकता है क्योंकि दबावग्रस्त लोग कोकीन के सेवन की ओर झुक सकते हैं।
इन आंकड़ों को अमेरिकी केमिकल सोसायटी की 238वीं राष्ट्रीय बैठक में प्रस्तुत किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications