छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 3 मामलों की पुष्टि
रायपुर, 17 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में हाल ही में महाराष्ट्र से लौटे तीन व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। यह जानकारी सोमवार को स्वास्थ्य अधिकारियों ने दी।
राज्य में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी टी. के. अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया, "छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 90 से अधिक संदिग्ध मरीजों के चिकित्सीय नमूनों को जांच के लिए दिल्ली भेजा गया था। उनमें से 36 की जांच रिपोर्ट सोमवार को मिली। जांच में तीन व्यक्ति स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए।"
अग्रवाल ने कहा कि इन तीनों की उम्र 20 के आसपास है। इन युवकों की पहचान गुप्त रखी गई है ताकि उनके आसपास रहने वाले लोगों में दहशत नहीं फैले।
उन्होंने कहा, "इन तीनों युवको की हालत गंभीर नहीं है। हम उनकी देखभाल कर रहे हैं। उन्हें दवाएं दी गई हैं और परिजनों से कहा गया है कि वे चिंता न करें।"
उधर, रायपुर के डॉ. भीमाराव अंबेडकर अस्पताल में 12 अगस्त को 18 वर्षीय युवक सीताराम वर्मा की मौत के बाद आई उसकी जांच र्पिोट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों को 40 वर्षीय कांस्टेबल वाई.एस. राव की जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। उनका तेज बुखार की वजह से गत 14 अगस्त को निधन हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications