जोधपुर उच्च न्यायालय के नए भवन के लिए केंद्र सहयोग करे : गहलोत
नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान उच्च न्यायालय की मुख्य पीठ के लिए जोधपुर में नए भवन का निर्माण शीघ्र पूरा करवाने के लिए केंद्रीय विधि मंत्री डा. वीरप्पा मोईली से भवन की कुल लागत 138.85 करोड़ रुपये की 70 फीसदी राशि केंद्रीय सहायता के रूप में दिलवाने का आग्रह किया।
गहलोत ने कहा कि प्रधान न्यायाधीश ने इस भवन का शिलान्यास किया है। मोईली की जयपुर यात्रा में हुई चर्चा को स्मरण कराते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता और राजस्थान उच्च न्यायालय का नया भवन बनाने के लिए लम्बे समय से की जा रही मांग को पूरा करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जोधपुर में राजस्थान राज्य न्यायिक अकादमी की स्थापना कर दी गई है और प्रारंभ में इसके लिए दो करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है। इस अकादमी में न्यायिक अधिकारियों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications