पूर्वोत्तर में स्वाइन फ्लू के 9 मामले
शिलांग/आईजोल, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर में मेघालय और मिजोरम में स्वाइन फ्लू के छह नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही पूर्वोत्तर में मरीजों की संख्या नौ हो गई है।
शिलांग में स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि चार नए मामलों में से तीन को लेकर आशंका है कि वे शिलांग के पहले मरीज 17 वर्षीय फुटबालर सिल्विट टोंगपर से संक्रमित हुए हो सकते हैं।
अधिकारी ने कहा कि नए मरीज या तो उसके दोस्त हो सकते हैं या फिर सिल्विट के साथ अस्पताल में रहे होंगे।
शिलांग सिविल अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि पुणे में काम करने वाली एक महिला में फ्लू की पुष्टि हुई है। वह पिछले सप्ताह पुणे से यहां आई थी।
मिजोरम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कर्मचारी और एक सैनिक में फ्लू की पुष्टि हुई है।
राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक एन. पल्लई ने कहा कि सीआरपीएफ कांस्टेबल मिजोरम के एकमात्र हवाई अड्डा लेंगपु में तैनात था। वह हाल ही में छुट्टी बिताकर नई दिल्ली से आईजोल लौटा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications