बेंगलुरू में स्वाइन फ्लू से 2 की मौत (लीड-1)
बेंगलुरू में सेंट जोंस अस्पताल में शिल्पा (26) की और बैप्टिस्ट अस्पताल में शमशाद बेगम (26) की शनिवार देर शाम मौत हो गई।
सेंट जोंस अस्पताल में शिल्पा का इलाज करने वाले चिकित्सक मबेल वासनिक ने आईएएनएस से कहा कि शिल्पा 10 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुई थी और उसे उसी दिन से टेमीफ्लू दवा दी जा रही थी।
वासनिक ने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने से पांच दिन पहले से शिल्पा को बुखार था। 11 अगस्त को हमने उसका नमूना जांच के लिए भेजा और 14 अगस्त को फ्लू की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को पांच दिन का कोर्स पूरा होने के बाद टेमीफ्लू की दवा देनी बंद कर दी गई थी क्योंकि पांच दिन के बाद यह दवा प्रभावी नहीं होती। 15 अगस्ता की शाम को शिल्पा की मौत हो गई।
बेंगलुरू में शिल्पा पहली मरीज है जिसकी फ्लू की पुष्टि होने के बाद मौत हुई। इससे पहले हुई चार लोगों की मौत के बाद फ्लू की रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन को मिली थी।
शमशाद बेगम को निमोनिया की शिकायत के बाद पांच दिन पूर्व बैपिस्ट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। शनिवार देर शाम उसकी मौत हो गई। अस्पताल के मुख्य मेडिकल स्टॉफ अब्राहम चैंडी ने आईएएनएस से कहा, "बेगम को हृदय संबंधी समस्या भी थी, जिसकी पहले जांच नहीं हुई थी।"
उन्होंने कहा कि बेगम को 14 अगस्त को टेमीफ्लू की दवा देनी शुरू की गई थी। बेगम की फ्लू की जांच रिपोर्ट उनकी मौत होने के बाद मिली।
बेंगलुरू में इससे पहले 12 अगस्त को 26 वर्षीया रूपा आनंद की मौत इस बीमारी से हुई थी। वहीं शुक्रवार को शिवन्ना (55) और मंजूनाथ (28) की मौत स्वाइन फ्लू की वजह से हुई थी।
चैंडी ने कहा कि अस्पताल में स्वाइन फ्लू के दो मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा, "दोनों मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।"
देश में अब तक इस बीमारी से 27 लोगों की जान जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications