अफगानिस्तान में विस्फोटों में 6 की मौत (लीड-1)
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के समीप देशाब जिले में शनिवार को सड़क के किनारे हुए एक बम विस्फोट की चपेट में एक कार के आने से उसमें सवार चार नागरिकों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार बयान में कहा गया है कि विस्फोट की घटना स्थानीय समयानुसार शाम 5.15 बजे हुई।
विस्फोट की घटना काबुल से बगराम हवाई अड्डे की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित गुलाम कादर खान गांव में हुई। उल्लेखनीय है कि बगराम हवाई अड्डा नाटो के नेतृत्व वाली अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन सेना का मुख्य शिविर है।
उधर अफगानिस्तान के दक्षिणी हिस्से में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के नेतृत्व वाली अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता सेना (आईएसएएफ) के दो जवान मारे गए हैं।
दोनों सैनिकों की मौत विस्फोट की दो अलग-अलग घटनाओं में हुई। आईएसएएफ के एक सदस्य की मौत एक विस्फोट में लगे घावों के चलते हुई। यह सैनिक 13 अगस्त को एक विस्फोट में घायल हुआ था। दूसरे सैनिक की मौत 15 अगस्त को हुए विस्फोट में हुई। सेना ने घटनास्थल का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया।
अफीम की खेती के लिए कुख्यात आतंकवाद प्रभावित हेलमंद प्रांत में तालिबान के खिलाफ गठबंधन सेनाओं के जुलाई में आरंभ अभियान के बाद से अंतर्राष्ट्रीय सेना के जवानों की मौतों की संख्या बढ़ी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications