दूषित पानी पीने से बीमार दो और छात्राओं की मौत
मालूम हो कि सेंधवा तहसील मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूर स्थित निवाली के कस्तूरबा कन्या आश्रम में निवासरत छात्राओं ने शुक्रवार की रात जन्माष्टमी का पर्व मनाने के बाद खाना खाकर सो गईं। शनिवार को सुबह से छात्राओं को पेट में दर्द हुआ तथा कुछ को उल्टियां होने लगी। छात्रा सविता गंगाराम की मौत हो गई है और 40 को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रात को कविता बघेरा ने दमतोड़ दिया ।
निवाली थाने के प्रभारी के. के. मिश्रा ने रविवार को आईएएनएस को बताया है कि एक छात्रा गीता के स्वास्थ्य में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी परंतु उसकी तबियत अचानक शनिवार की रात को बिगड़ गई। रविवार की सुबह उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मरने वाली छात्राओं की संख्या तीन हो गई है। बीमार 12 छात्राओं का अभी इलाज जारी है।
बड़वानी के कलेक्टर एन. बी. एस. राजपूत ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि उन्होंने इस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
कस्तूरबा आश्रम में जनजाति वर्ग की लगभग 1000 छात्राएं रहती हैं। आश्रम परिसर में स्थित कुएं का पानी पीने अथवा खाने में कुछ गड़बड़ी होने से छात्राओं की हालत बिगड़ी। इसकी जांच प्रशासन करा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications