शाहरुख़ मामले में भारत ने सफाई माँगी

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान को अमरीका के न्यूअर्क हवाई अड्डे पर रोके जाने और पूछताछ किए जाने के मामले में भारत सरकार ने अमरीका से स्पष्टीकरण माँगा है.
नई दिल्ली स्थित अमरीकी दूतावास ने कहा है कि वे इस मामले में तथ्यों का पता लगा रहे हैं.
अमरीकी राजूदत टिमूथी रोमर ने शाहरुख़ को अंतरराष्ट्रीय स्टार बताते हुए कहा है कि उनका अमरीका में हमेशा स्वागत है.
इस बीच भारत में सिनेमा जगत से जुड़े लोगों ने शाहरुख़ के साथ हुए बर्ताव पर गुस्से का इजहार किया है.
भारत सरकार में प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने भी हवाई अड्डों पर अमरीकी सुरक्षा अधिकारियों के रवैये की आलोचना की है.
शाहरुख़ के मामले पर उनका कहना था, "ऐसा मेरे साथ भी हुआ है. अब तो जिस तरह वे हमारी जाँच करते हैं उसी तरह हमें भी अमरीकियों की जाँच करनी चाहिए."
शाहरुख़ को भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार देर रात न्यू जर्सी के न्यूअर्क हवाई अड्डे पर लगभग दो घंटे तक रोका गया और अलग कमरे में ले जाकर उनसे पूछताछ की गई. वे शिकागो जा रहे थे.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि मामले का पता चलते ही वहां स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हस्तक्षेप किया और शाहरुख़ से संपर्क किया गया.
बाद में शाहरुख़ को छोड़ दिया गया और वे तय कार्यक्रम के मुताबिक अपने कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं.
शाहरुख़ ने इस घटना पर गुस्से और दुख का इज़हार किया है. उन्होंने कहा कि मुसलमान होने के कारण उनके साथ इस तरह का बर्ताव किया गया.
शाहरुख़ ने कहा है कि वे पूरे प्रकरण से आहत हैं. उन्होंने कहा, "मुझे हवाई अड्डे पर परेशान किया गया. इसकी कोई ज़रूरत नहीं थी. मैं बहुत आहत महसूस कर रहा हूं."
हवाई अड्डे से जाने के बाद उन्होंने एटलांटिक सिटी में कंसर्ट में हिस्सा लिया. उन्होंने वहां अपने प्रशंसकों से कहा, "मुझे हवाई अड्डे पर रोका गया. शायद इसलिए कि मेरे नाम के आगे ख़ान जुड़ा है."
उनका कहना था, "मुझे लगता है कि जांच के लिए बनाई गई सूची में इसका ज़िक्र है."
शाहरुख़ के मुताबिक उन्होंने अधिकारियों से कई बार कहा कि वे एक फ़िल्मस्टार हैं और हाल ही में शूटिंग के लिए अमरीका आए हैं लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया.
उन्होंने कहा, "मैं पहले भी अमरीका आने में हिचकता रहा हूं. ये तो संयोग ही है कि मैं अपने परिवार के साथ नहीं आया."
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने कहा है कि शाहरुख़ के साथ जो भी हुआ उससे वो आहत हैं.
उनका कहना था, "ये अपमानजनक और स्तब्ध कर देने वाला है. मैं ये नहीं कहती कि शाहरुख़ की जाँच मत करो क्योंकि वो पूरी दुनिया में मशहूर एक्टर है लेकिन सिर्फ़ इसलिए रोकना कि उनके नाम में ख़ान जुड़ा है बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है."
वहीं सलमान ख़ान का कहना है कि ये कोई बड़ा मुद्दा नहीं है.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "अमरीका में जाँच के कड़े प्रावधान हैं. तभी तो 9/11 के बाद कोई चरमपंथी घटना नहीं हुई. ये तो सबके साथ होता है. इसे तूल नहीं देना चाहिए."
कांग्रेस पार्टी के नेता राजीव शुक्ला का कहना था, "शाहरुख़ ने मुझे हवाई अड्डे से ही संदेश भेजा था. वो काफ़ी परेशान लग रहे थे. ये दुर्भाग्यपूर्ण था."


Click it and Unblock the Notifications