अमरीका में शाहरुख़ से पूछताछ
दुर्गेश उपाध्याय
बीबीसी संवाददाता
हिंदी फ़िल्मों के सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान को अमरीका के नेवार्क हवाई अड्डे पर दो घंटे तक रोका गया और पूछताछ की गई. शाहरुख़ का कहना है कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उनके नाम में 'ख़ान' शब्द जुड़ा हुआ है.
शाहरुख़ ख़ान एक कार्यक्रम में शामिल होने अमरीका गए हुए हैं. भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही शाहरुख़ ख़ान को छोड़ा गया.
शाहरुख़ ख़ान भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेने शिकागो जा रहे थे. बीबीसी से बातचीत में शाहरुख खान की मैनेजर ने इस बात की पुष्टि की है.
नेवार्क हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने उन्हें इसलिए रोक लिया क्योंकि उनके कंप्यूटर पर उनका नाम आ गया क्योंकि उनके नाम में 'ख़ान' शब्द जुड़ा हुआ था.
अधिकारियों ने उनके बैग की तलाशी ली और क़रीब एक घंटे तक किसी को फ़ोन तक नहीं करने दिया. शाहरुख़ से कई सवाल पूछे गए और अधिकारियों ने उनकी अमरीका यात्रा का मक़सद भी जानना चाहा.
एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में शाहरुख़ ने बताया कि उनके बार-बार ये कहने पर कि वे एक फ़िल्म स्टार हैं और कई बार अपनी फ़िल्मों की शूटिंग के सिलसिले में अमरीका आ चुके हैं, अधिकारी पर कोई असर नहीं हुआ.
शाहरुख़ के मुताबिक़ अधिकारी उन्हें अलग कमरे में भी ले गए. शाहरुख़ ने इस घटना को काफ़ी शर्मनाक और दुखद भी बताया.
हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री की ओर से भी इस घटना पर काफ़ी तीखी प्रतिक्रिया आई है. महेश भट्ट ने व्यवस्था में सुधार करने की हिमायत की, तो शाहरुख़ के मित्र करण जौहर ने कहा कि वे इस घटना से सदमे में हैं.
ग़ौरतलब है कि शाहरुख ने फॉक्स स्टार स्टूडियोज़ के साथ हाल ही में अपनी अगली फ़िल्म माई नेम इज़ ख़ान के लिए एक डील साइन की है.
इस फ़िल्म का निर्माण जाने माने निर्माता निर्देशक करन जौहर कर रहे हैं. फ़ॉक्स के साथ ही अपने समझौते के चलते इस बार वो शिकागो और ह्यूस्टन में एक खास कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे.
ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय के साथ इस तरह का बर्ताव किया गया है.इससे पहले हाल ही में चर्चित फ़िल्म न्यूयॉर्क बना चुके निर्देशक कबीर ख़ान को भी अमरीका का वीज़ा लेने में केवल इस वजह से ख़ासी मुश्किलें आई थी क्योंकि उनके नाम के पीछे भी ख़ान लगा हुआ है.
अभी कुछ दिनो पहले ही पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के साथ भी हवाई यात्रा के दौरान उनके और उनके सामान की चेकिंग का मुद्दा काफ़ी चर्चा में रहा है. ऐसा एक अमरीकी एयरलाइंस के विमान में हुआ.
शाहरुख की फ़िल्म माई नेम इज़ ख़ान की ज़्यादातर शूटिंग भी अमरीका में की गई है और इससे पहले भी उनकी कई फ़िल्मों की शूटिंग अमेरिका हुई थी.


Click it and Unblock the Notifications