स्वाइन फ्लू से 2 की मौत, मृतकों की संख्या 25 हुई (लीड-1)
बेंगलुरू में पिछले चार दिनों में इंफ्लुएंजा ए (एच1एन1) वायरस से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है।
बेंगलुरू के वोकहार्ट अस्पताल में भर्ती शिवन्ना (55 वर्ष) और वैदेही मेडिकल इंस्टीट्यूट में भर्ती मंजुनाथ (28 वर्ष) की स्वाइन फ्लू से मौत हुई।
पश्चिम बेंगलुरू के राजाजीनगर निवासी शिवन्ना को सांस की तकलीफ के कारण 12 अगस्त को वोकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अगले दिन से ही उसकी तबियत खराब होने लगी थी।
वैदेही मेडिकल इंस्टीट्यूट के प्रवक्ता ने कहा कि मंजुनाथ को 13 अगस्त को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। मंजुनाथ के नमूने की जांच में एच1एन1 वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।
मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा ने स्वाइन फ्लू से हुई इन नई मौतों पर दुख जताते हुए कहा कि दोनों घटनाएं निजी अस्पतालों में हुई हैं और स्वाइन फ्लू से और मौतों को रोकने के लिए सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में कहा गया कि अब तक 7752 लोगों जांच की गई जिसमें से 1556 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसमें से 689 को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
शनिवार को सामने आए 165 मामलों में से 97 महाराष्ट्र के हैं जिनमें से 69 मरीज पुणे के हैं। हालांकि इनमें से किसी ने भी विदेश यात्रा नहीं है।
इसके अलावा दिल्ली (15), केरल (13), कर्नाटक (12), तमिलनाडु (5), कोलकाता (4), शिलांग (4), पुडुचेरी (3), मिजोरम (2), गुड़गांव (2), गुजरात(1), गोवा (1), हैदराबाद(1), पटना (1), नोएडा (1), चंडीगढ़ (1), जयपुर (1) और फरीदाबाद (1) मामले सामने आए हैं।
पटना में 48 वर्षीय एक व्यक्ति में फ्लू की पुष्टि हुई है। वह ब्रिटेन से यात्रा कर लौटा था।
नोएडा में कनाडा से लौटने वाली एक 23 वर्षीय एक महिला में फ्लू की पुष्टि हुई है।
चंडीगढ़ में हांगकांग से लौटने वाली 20 वर्षीय युवती और हरियाणा में जर्मनी से यात्रा कर लौटे 32 वर्षीय व्यक्ति में फ्लू की पुष्टि हुई है।
इनके अलावा शनिवार को समाने आए सभी मामले देश में संक्रमण के हैं उन्होंने विदेश यात्रा नहीं की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications