पश्चिम बंगाल में फ्लू पीड़ितों की संख्या 32, एक गंभीर (लीड-1)
राज्य में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी तापस सेन ने आईएएनएस से कहा, "शनिवार को चार और लोगों में फ्लू की पुष्टि हुई है इसके साथ ही पीड़ितों की संख्या 32 हो गई है।"
सेन ने कहा कि पिछले दिनों आकाश चौधरी को आर.जी.कार मेडिकल कालेज और अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया था। उसे बुखार और सांस लेने में तकलीफ है। उसकी हालत गंभीर है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक अभ्रदीप दत्ता और उनकी बहन प्रियदर्शिनी दत्ता में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उन्हें एम.आर.बांगुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले 12 मरीजों और तीन संदिग्धों को बेलियाघाट संचारी रोग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राज्य में स्वाइन फ्लू की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव आलोक मोहन चक्रवर्ती की अध्यक्षता में 18 अगस्त को बैठक होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications