पाकिस्तान में हिंसा में 25 की मौत
इस्लामाबाद, 15 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के अशांत उत्तर पश्चिम इलाके में हमलों और संघर्षो के दौरान चार सैनिकों सहित कम से कम 25 लोग मारे गए। यह जानकारी सेना और खुफिया अधिकारियों ने शनिवार को दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार स्वात घाटी में तीन सुरक्षाकर्मियों की उस समय मौत हो गई, जब एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे अपने एक वाहन को एक जांच चौकी से टकरा दिया।
सेना की ओर से कहा गया है, "विस्फोटकों से लदा एक वाहन चारबाग के पास वाली आबाद स्थित सुरक्षा बलों की एक चौकी से टकरा गया। परिणामस्वरूप तीन सैनिकों की मौत हो गई।" सेना ने दावा किया है कि उसने स्वात घाटी में कांजू के पास दीयारी में आठ आतंकियों को मार गिराया है।
पाकिस्तानी सेना द्वारा अप्रैल में स्वात घाटी में तालिबान के खिलाफ अभियान आरंभ करने के बाद से यह पहला आत्मघाती हमला है।
यह हिंसा ऐसे समय हुई है, जब पाकिस्तान में एक दिन पहले ही स्वतंत्रता दिवस मनाया गया है।
दक्षिणी वजीरिस्तान इलाके में अंगूर अड्डा में अफगानी सीमा रक्षकों और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच भी संघर्ष की खबर है। इस संघर्ष में एक सैनिक और एक नागरिक की मौत हो गई है।
खुफिया अधिकारियों ने कहा है कि अफगान सैनिकों ने मोर्टार से हमला किया जो पाकिस्तान की एक सीमा चौकी पर जा गिरा। परिणामस्वरूप दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई। यह गोलीबारी कम से कम दो घंटों तक चली। इस घटना में 12 सैनिकों के घायल होने की भी खबर है।
खुफिया अधिकारियों ने कहा है कि बैतुल्लाह महसूद से संबद्ध पांच आतंकियों की उस समय मौत हो गई, जब पाकिस्तानी वायु सेना (पीएएफ) के एक लड़ाकू विमान ने दक्षिणी वजीरिस्तान इलाके के मकीन इलाके में हमला किया।
इसके अलावा महसूद समर्थकों और तुर्किस्तान भिट्टानी समर्थकों के बीच भी छिट-पुट संघर्ष की खबर है। दोनों पक्षों के बीच दक्षिणी वजीरिस्तान के सीमावर्ती टैंक कस्बे में हाल में हुए ताजा संघर्ष में भिट्टानी के एक समर्थक की मौत हो गई और एक अन्य समर्थक घायल हो गया।
एक अन्य घटना में करिवाम इलाके से तालिबान आतंकियों के चार शव बरामद किए गए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि भिट्टानी समर्थकों ने उनकी हत्या की होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications