अमेरिका, भारत स्वाभाविक मित्र : ओबामा
वाशिंगटन, 15 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 63वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि अमेरिका और भारत स्वाभाविक मित्र हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक जीवंत और सक्षम भारत के लिए आशा व्यक्त की।
ओबामा की ओर से जारी एक निजी बयान में कहा गया, "यह जीवंत और सक्षम भारत अमेरिका का स्वाभाविक मित्र है।"
ओबामा ने कहा कि दोनों देशों की जनता समान मूल्यों और आदर्शो से बंधी हुई है और भारतीय मूल के अमेरिकी यहां जीवन के हर क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत ने बेमिसाल उपलब्धियां हासिल की हैं और उसका लोकतंत्र परिपक्व है।
जातियों और भाषाओं की विशाल विविधता वाले भारत ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का निर्माण किया है।
एक असामान्य रूप से बड़े संदेश में ओबामा ने कहा कि शांति, समृद्धि और मानव अधिकारों के सम्मान के समान दृष्टिकोण के कारण आपस में जुड़ी दुनिया में दोनों देशों का भाग्य एकसाथ जुड़ा है।
ओबामा ने कहा, "बेंगलुरू से बोस्टन तक भारतीय वैज्ञानिक, इंजीनियर और चिंतक विचार और समृद्धि पैदा कर रहे हैं, जो भारत और पूरी दुनिया में जीवन बचा और सुधार रही है।"
भारत सरकार को भेजे गए संदेश का आरंभ देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के ऐतिहासिक भाषण 'नियति के साथ साक्षात्कार' के उद्धरण से किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से भारतीय जनता 15 अगस्त 1947 को आजादी का जश्न मनाने को तैयार थी, प्रधानमंत्री नेहरू ने घोषणा की थी कि 'नियति के साथ साक्षात्कार' के साथ यह संकल्प वर्षो पहले ही लिया गया था, जिसे अब अंतिम रूप से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम, महात्मा गांधी के नेतृत्व में चले स्वतंत्रता आंदोलन और आजादी के बाद से देश में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में हुए चतुर्दिक विकास का उल्लेख भी किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications