शाहरुख को 'खान' नाम के कारण हिरासत में लिया गया (लीड-2)
शाहरुख ने कहा कि हवाई अड्डे पर उनकी तलाशी एशियाई होने कारण ली गई। भारत सरकार और मनोरंजन जगत ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
घटना के संबंध में शाहरुख ने समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन को फोन से कहा, "एशिया का नागरिक होने के कारण मेरी तलाशी ली गई। वे जानना चाहते थे कि मैं अमेरिका क्यों आया हूं और कहां ठहरा हुआ हूं।"
घटना से बेहद क्षुब्ध शाहरुख ने कहा कि उनके साथ पहले भी ऐसा हो चुका है। उन्होंने कहा, "कुछ देशों के लिए मेरा नाम एक मुद्दा है लेकिन मुझे अपने नाम पर गर्व है।"
सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने भी इस मामले पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शनिवार को नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि शाहरुख को अमेरिकी हवाई अड्डे पर करीब दो घंटे तक हिरासत में रखा जाना उचित कदम नहीं है।
सोनी ने कहा, "मेरा मानना है कि धर्म के नाम पर किसी को हिरासत में लेना उचित नहीं है लेकिन अमेरिका में ऐसी घटनाओं के कई उदाहरण हैं।" उन्होंने कहा कि अमेरिका में जिस तरह से हमारी तलाशी ली जाती है, हमें भी उसी तरह उनकी तलाशी लेनी चाहिए।
शाहरुख स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शिकागो में एक कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे थे तभी नेवार्क हवाई अड्डे पर यह घटना घटी।
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा कि भारत ने यह मुद्दा अमेरिकी दूतावास के सामने उठाया है और न्यूयार्क में भारतीय महावाणिज्य दूत शाहरुख के संपर्क में हैं।
भारत में अमेरिका के राजदूत टिमोथी जे. रोमर ने कहा कि वह घटना के संबंध में तथ्यों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शाहरुख एक 'ग्लोबल आइकन' हैं और वह अमेरिका के बहुत खास मेहमान हैं।
मुंबई से फोन पर शाहरुख की प्रबंधक निलोफर कुरेशी ने आईएएसएस से कहा, "उनके नाम के साथ खान शब्द जुड़े होने के कारण उन्हें हिरासत में लिया गया। उन्हें भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हस्तक्षेप करने तक हिरासत में रखा गया। अब वह रिहा हो चुके हैं।"
बॉलीवुड की अन्य हस्तियां कैटरीन कैफ, करीना कपूर और सैफ अली खान भी इस कार्यक्रम में शिरकत करने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications