स्वाईन फ्लूः देशभर में 23 मौतें

महाराष्ट्र में अब तक फ्लू से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें से अकेले पुणे के 15 लोग शामिल हैं। इसके अलावा बेंगलुरू, अहमदाबाद, वड़ोदरा, चेन्नई और तिरुवनंतपुरम में एक-एक लोगों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार गुरुवार को स्वाइन फ्लू के 90 मामलों की पुष्टि हुई है जिसमें से सबसे अधिक मरीज पुणे (43) के हैं। इसके बाद मुंबई (18), कोल्हापुर (2), दिल्ली (16), बेंगलुरू (9), मंगलौर (1) और गुड़गांव (1) शामिल हैं। इसके साथ ही कुल पीड़ितों की संख्या 1284 हो गई जिनमें से 694 का अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
गुरुवार को फ्लू के कारण मौत के शिकार होने वालों में पुणे में नौ महीने का स्वाभिमान कांबले, अर्चना कोल्हे (37), भारती गोयल (26) और बेंगलुरू में स्कूल शिक्षिका रूपा (26) शामिल हैं। कर्नाटक में अब तक 522 लोगों जांच की गई है जिनमें से 97 में फ्लू की पुष्टि हुई है।
पांच निजी अस्पतालों को इलाज की अनुमति
महाराष्ट्र सरकार ने पांच निजी अस्पतालों को स्वाइन फ्लू के मरीजों की जांच और उपचार की अनुमति दे दी। इन अस्पतालों में भारतीय विद्यापीठ, दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल, सहयाद्री अस्पताल, नोबेल अस्पताल, केईएम अस्पताल शामिल हैं।
मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद
मुंबई में स्वाइन फ्लू के मद्देनजर गुरुवार से सात दिन तक स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं जबकि थिएटर और मल्टीप्लेक्स चार दिन के लिए बंद किए गए हैं। मुंबई में हालांकि गुरुवार को बसों, लोकन ट्रेनों में दफ्तर जाने वालों की भीड़ आम दिनों जैसी ही थी सिर्फ स्कूल बसें नदारद थीं।
राजनेताओं ने किया अस्पतालों का दौरा
स्वाइन फ्लू से पुणे में 13 लोगों की मौत हो जाने के बाद दो वरिष्ठ नेताओं ने अस्पतालों का दौरा किया। पुणे से कांग्रेस सांसद सुरेश कलमाडी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कई अस्पतालों का दौरा कर मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधा और इलाज का जायजा लिया।
दहशत में मास्क न खरीदें
इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को कहा कि दहशत की वजह से लोग मास्क न खरीदें। मास्क सिर्फ एच1एन1 से संक्रमित मरीजों या फिर इसके संदिग्ध लक्षणों से ग्रसित लोगों को ही लगाने चाहिए।
उन्होंने कहा, "स्वाइन फ्लू के लक्षणों वाले व्यक्ति को अपने चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए और उचित ऐहतियात बरतनी चाहिए। उन्हें वायरस के प्रसार को रोकने के लिए संपर्क सीमित रखना चाहिए और घर में ही ठहरना चाहिए।"
लोगों के दहशत में आकर मास्क खरीदने की वजह से बाजार में इनकी किल्लत हो गई थी। ऐसी रपटें भी सामने आई थीं जिनमें कहा गया था कि बहुत से कैमिस्ट उनकी जमाखोरी कर रहे हैं और उनकी मनमाने दामों पर बिक्री कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में मरीजों की संख्या 19 हुई
उत्तर प्रदेश में इस बीमारी के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। अकेले लखनऊ में ही स्वाइन फ्लू के रोगियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। अभी यहां पर 27 नये नमूनों की जांच बाकी है।
लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख एस. ढोले ने बताया कि बुधवार शाम को तीन नमूने जांच के लिए गए थे, जिनमें से एक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
छत्तीसगढ़ में 22 मामले
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामलों की संख्या चार से बढ़कर 22 हो गई है। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज एंड हॉस्पिटल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष अरविंद नेराल ने बताया, "अभी तक 22 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं और हमें नतीजों का इंतजार है।"
पश्चिम बंगाल में मरीजों की संख्या 18
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को पांच और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 18 हो गई।
उड़ीसा में 7 संदिग्ध मामले
उड़ीसा में पिछले दो दिनों में स्वाइन फ्लू के सात संदिग्ध मामले सामने आए हैं। राज्य स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष के चिकित्सा अधिकारी बिकाश पटनायक ने आईएएनएस को बताया कि 12 व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की जांच की गई है, जिनमें से पांच के नतीजे नकारात्मक रहे। अन्य सात नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications