15 अगस्त को हमले की साजिश नाकाम

पुलिस के मुताबिक पूर्वी असम के सादिया शहर से सुरक्षा बलों ने हथियारों और विस्फोटों को बरामद किया। एक अधिकारी ने बताया, "लगभग 45 किलोग्राम आरडीएक्स, 10 डेटोनेटर और पिस्तौल बरामद किए गए।" पुलिस को संदेह है कि विस्फोटक प्रतिबंधित संगठन युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) द्वारा लाए गए थे, जो स्वतंत्रता दिवस के दिन बड़ा हमला करने की फिराक में थे।
घर में बरामद हुए पांच बम
खुफिया विभाग की जानकारी के आधार पर गुरुवार देर शाम पुलिस ने एक घर में दबिश डाली, जहां से पांच बम बरामद किए गए। यह मकान गुवाहाटी के बाहरी क्षेत्र में स्थित है। उधर खुफिया विभाग ने पंद्रह अगस्त को बड़ा हमला होने की आशंका व्यक्त की है। यही नहीं गुवाहाटी में महिला आतंकवादियों के एक दस्ते के गुवाहाटी में दाखिल होने की पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली है। इसके चलते असम में तेल भंडारों, सड़कों, रेलवे पुलों और भीड़-भाड़ वाली बाजारों में पुलिस, अर्धसैनिक बल और सेना के जवानों को तैनात किया गया है।
अलगाववादी संगठनों का विरोध
पूवरेत्तर में सक्रिय पांच अलगाववादी संगठन पहले ही स्वतंत्रता दिवस समारोहों का बहिष्कार करने के लिए 15 अगस्त को 17 घंटे के बंद का आह्वान कर चुके हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोहों के बहिष्कार का आह्वान करने वाले संगठनों में उल्फा, नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट (एनडीएफबी), कामतापुर लिबरेशन ऑर्गेनाइजेशन (केएलओ), मणिपुर पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट (एमपीएलएफ) और त्रिपुरा पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (एमपीएलएफ) हैं। ये सभी संगठन असम, मणिपुर और त्रिपुरा में सक्रिय हैं।


Click it and Unblock the Notifications