जगमगा उठे कान्हा जी के मंदिर

जन्माष्टमी की धूम पूरे देश के मंदिरों में दिखाई दे रही है। मथुरा के गोकुल धाम में श्रीकृष्ण के मुख्य मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे हैं। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, हरिद्वार और बेंगलुरू समेत सभी शहरों में झांकियों का आयोजन किया गया है।
घरों में भी जन्माष्टमी की धूम
मंदिरों में कान्हा जी की पूजा गुरुवार मध्यरात्रि से ही शुरू हो गई है। मान्यता है कि कृष्ण का जन्म मध्यरात्रि में हुआ था। गुरुवार मध्यरात्रि से ही कृष्ण भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है। खास बात यह है कि कान्हा जी का जन्म दिन सिर्फ मंदिरों में ही नहीं घरों में भी धूमधाम से मनाया जाता है। घरों में भी झांकियां सजाई जा रही हैं।
इसके अलावा सभी शहरों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों भगवान कृष्ण की वेश-भूषा में बड़ी संख्या में बच्चे हिस्सा ले रहे हैं।
सुरक्षा कड़ी, सावधानी भी
जन्माष्टमी के मौके पर देश भर के सभी प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हालांकि लोग खुद भी सावधानी बरत रहे हैं। इस बार किसी आतंकी हमले से ज्यादा लोग स्वाइन फ्लू से बचने की कोशिश में हैं। भीड़ में मौजूद तमाम लोग मुंह पर कपड़ा या मास्क पहन कर शामिल हो रहे हैं।
मुंबई में दही-हांडी के बड़े आयोजन पहले ही स्थगित कर दिए गए थे। जहां छोटे आयोजन हो भी रहे हैं, वहां लोग मास्क पहनकर इसमें भाग ले रहे हैं। असल में स्वाइन फ्लू का प्रकोप सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में जारी है।


Click it and Unblock the Notifications