केरल में सीरियल ब्लास्ट की धमकी

यूएई से आया ई-मेल
केरल पुलिस की साइबर शाखा के मुताबिक यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भेजे गए इस ई-मेल में लिखा है कि अगर उत्तरी केरल के कुछ जिलों को मिलाकर अलग मुस्लिम राज्य नहीं बनाया गया, तो राज्य में श्रृंखलाबद्ध विस्फोट किए जाएंगे।
पुलिस महानिरीक्षक टॉमिन जे थैचेंकेरी के मुताबिक ई-मेल गुरुवार को कुछ मीडिया दफ्तरों को भेजा गया था। उन्होंने कहा, "हमने तत्काल अपना काम आरंभ कर दिया और पाया कि यह ई-मेल यूएई से याहू के डोमेन के जरिए भेजी गई है। इस संबंध में कन्नूर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।"
नया आतंकी संगठन 'मालाबार मुजाहिद'
अधिकारी ने कहा कि ई-मेल भेजन वाले ने अपना नाम जखीर हुसैन लिखा है और उसने खुद को नवगठित मालाबार मुजाहिद नाम के आतंकवादी संगठन का प्रमुख बताया है। इस संगठन का प्रमुख ठिकाना कराची है और इसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) और लश्कर-ए-तैयबा का समर्थन हासिल है।
इस ई-मेल के मिलने के बाद से राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सभी जिला मुख्यालयों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications