स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को सलाम

देश की सभी प्रमुख इमारतों पर तिरंगा लहराने की तैयारियां हो चुकी हैं। लाखों लोग ऐसे भी हैं, जो अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र को सलाम करने की तैयारी कर रहे हैं। स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, सरकारी दफ्तरों और कॉर्पोरेट सेक्टर की कंपनियों में देश भक्ति के स्वर फूट रहे हैं। बस इंतजार है कल की सुबह का जब देश भर में जगह-जगह राष्ट्रगान के स्वर गूंजेंगे।
छठी बार तिरंगा फहराएंगे पीएम
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 15 अगस्त को ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। लाल किले पर राष्ट्रध्वज लहराने का गौरव उन्हें लगातार छठीं बार हासिल होगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बाद मनमोहन सिंह ऐसे दूसरे प्रधानमंत्री होंगे, जो छठीं बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। हालांकि इससे पहले देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को 17 बार और इंदिरा गाँधी को 16 बार यह गौरव हांसिल हुआ था।
इस मौके पर रक्षा मंत्री एके एंटनी, रक्षा राज्य मंत्री एमएम पल्लम राजू और रक्षा सचिव प्रदीप कुमार समेत कई मंत्री व विपक्षी दलों के नेता उपस्थित होंगे। साथ में तीनों सेनाओं और पुलिस के जवान भी उपस्थित होंगे।
प्रधानमंत्री लाल किला पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे, जिसमें थल सेना, नौसेना तथा वायुसेना के अलावा दिल्ली पुलिस के एक-एक अधिकारी और चौबीस-चौबीस जवान होंगे।
21 तोपों की सलामी
इसके बाद प्रधानमंत्री मंच पर बढ़ेंगे, जहाँ रक्षामंत्री, रक्षा राज्यमंत्री, नौसेना प्रमुख एडमिरल सुरीश मेहता, थलसेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल पीवी नाइक उनका अभिवादन करेंगे। फिर दिल्ली के कमांडर प्रधानमंत्री को ध्वजारोहण के लिए लेकर जाएँगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री तिरंगा फहराएंगे। साथ में सेना के जवान 21 तोपों की सलामी देंगे और तिरंगा लहराने के दौरान राष्ट्रध्वज गार्ड के 32 जवान और एक अधिकारी, जो थल, वायु और नौसेनाओं तथा दिल्ली पुलिस के होंगे, राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगे।
छावनी में तब्दली हुई राजधानी
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आतंकी हमले की चेतावनी दिए जाने के बाद से राजधानी समेत सभी प्रमुख शहरों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सभी राजधानियों में स्वतंत्रता दिवस समारोहों के आयोजन स्थलों पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। इसके अलावा खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं।
असल में पिछले दिनों खुफिया एजेंसियों ने पंद्रह अगस्त को आतंकी हमला होने की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद से सभी राज्यों की पुलिस सतर्क है। खास तौर से नक्सल प्रभावी राज्य जैसे बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा उल्फा समेत कई संगठनों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के बहिष्कार की घोषणा के बाद असम में हाई अलर्ट कर दिया गया है।


Click it and Unblock the Notifications