वसंधरा समर्थक विधायक मिले राजनाथ से, आडवाणी ने किया मिलने से इंकार
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य विधानसभा में विपक्ष की नेता वसुंधरा राजे के समर्थन में 55 से अधिक विधायकों ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात की और वसुंधरा को नेता प्रतिपक्ष बनाए रखने का आग्रह किया।
इन विधायकों ने पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से भी मिलने का प्रयास किया लेकिन आडवाणी ने उनसे मिलने से इंकार कर दिया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राजनाथ ने वसुंधरा से नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा देने को कहा था लेकिन वसुंधरा ने इस्तीफा देने से इंकार करते हुए कड़े तेवर अपना लिए हैं।
राजनाथ से मिलने के बाद वसुंधरा समर्थित विधायकों ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमें मीडिया के माध्यम से इस प्रकार की जानकारी मिली है कि पार्टी आलाकमान ने हमारी नेता वसुंधरा राजे को नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा देने को कहा है। हम इस बारे में वस्तुस्थिति जानने आए हैं और यह बताने आए है कि वसुंधरा को हमने पांच सालों के लिए नेता प्रतिपक्ष चुना है।"
राजनाथ से मुलाकात के बाद वसुंधरा समर्थित विधायक आडवाणी से मिलने उनके पृथ्वीराज रोड़ स्थित सरकारी आवास पहुंचे लेकिन आडवाणी ने उनसे यह कहते हुए मिलने से इंकार कर दिया कि वे मिलने के लिए समय लेकर आएं। सूत्रों के मुताबिक आडवाणी ने इन विधायकों को साढ़े तीन बजे मिलने का समय दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications