राजद महिला आरक्षण का विरोधी नहीं : लालू
बोधगया में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शुक्रवार को उन्होंने कहा कि राजद महिलाओं का सम्मान करती है न कि महिलाओं के नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आरक्षण का राजद समर्थन करती है परंतु यह आरक्षण उन महिलाओं को मिलना चाहिए जो समाज में नीचे पायदान पर खड़ी हैं।
उन्होंने बताया कि आज तक उनके दल का कोई संगठन नहीं है। उन्होंने इसे सबसे बड़ी भूल बताते हुए कहा कि उनका दल भी अब संगठन बनाने पर जोर देगा।
लालू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे भी अपने ही घर के लोग हैं परंतु कुछ लोग उनमें हवा भर कर उन्हें फुला दिया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन हवा खत्म हो जाएगा वे धड़ाम से गिर जाएंगे।
इधर, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का नियम " मतलब निकल गया तो पहचानते नहीं, वे जा रहे हैं जिन्हें हम जानते नहीं" की है। उन्होंने राजद और लोजपा की दोस्ती को अटूट कहते हुए कहा कि अब हमारे कार्यकर्ताओं को भी चतुर बनने की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि बोधगया में लोजपा का तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का आज अंतिम दिन था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications