मायूस होकर लौटे वसुंधरा समर्थक विधायक (लीड-1)
इस बीच वसुंधरा समर्थक तकरीबन 60 विधायक फैसला वापस लेने के वास्ते आलाकमान पर दबाव बनाने के लिए वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मिलने दिल्ली पहुंचे। इन विधायकों की राजनाथ से तो मुलाकात हो गई पर आडवाणी के यहां से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने जयपुर से फोन पर आईएएनएस से बातचीत में इस बात की पुष्टि की कि वसुंधरा से नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़ने को कहा गया है। उन्होंने कहा, "मेरे पास आलाकमान का फोन आया था। वसुंधरा से इस्तीफा मांगा गया है।"
वसुंधरा समर्थक विधायकों का गुरुवार रात से ही दिल्ली में जुटना आरंभ हो गया था। आलाकमान पर फैसला वापस लेने के लिए दबाव बनाने आए इन विधायकों ने सबसे पहले राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। राजनाथ से उनकी यह मुलाकात लगभग 10 मिनट तक चली। मुलाकात के दौरान इन विधायकों ने वसुंधरा को नेता प्रतिपक्ष बनाए रखने का आग्रह किया।
राजनाथ से मिलने के बाद विधायकों ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमें मीडिया के माध्यम से इस प्रकार की जानकारी मिली है कि पार्टी आलाकमान ने हमारी नेता वसुंधरा राजे को नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा देने को कहा है। हम इस बारे में वस्तुस्थिति जानने आए हैं और यह बताने आए है कि वसुंधरा को हमने पांच सालों के लिए नेता प्रतिपक्ष चुना है।"
राजनाथ से मुलाकात के बाद वसुंधरा समर्थक विधायक आडवाणी से मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे लेकिन आडवाणी ने उनसे यह कहते हुए मिलने से इंकार कर दिया कि वे फिलहाल एक मीटिंग में व्यस्त हैं और मिलने के लिए वे समय लेकर आएं।
आडवाणी द्वारा मिलने से इंकार करने के बाद ये विधायक वहां थोड़ी देर के लिए धरने पर भी बैठ गए लेकिन अंतत: उन्हें बैरंग जयपुर लौटना पड़ा। इस बीच राजनाथ खुद आडवाणी से मिलने उनके आवास पहुंचे।
बहरहाल, वसुंधरा द्वारा अपने समर्थित विधायकों को दिल्ली भेजकर शक्ति प्रदर्शन करने को पार्टी आलाकमान ने गंभीरता से लिया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "विधायकों का यह व्यवहार अनुशासहीनता के दायरे में आता है। दिल्ली प्रदर्शन और शक्ति प्रदर्शन का अड्डा नहीं है। भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है। यह तरीका उचित नहीं है।"
इस बारे में भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद से जब औपचारिक प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कुछ भी प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications