मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की संख्या 48 हुई
भोपाल 14 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 18 और संदिग्ध मरीजों का पता चलने के बाद राज्य में ऐसे मरीजों की संख्या अब 48 हो गई है। इन सभी मरीजों के नमूने जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं मगर उनकी रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।
राजधानी भोपाल में स्वाइन फ्लू के सात, इंदौर में पांच, जबलपुर में पांच और रीवा में एक संदिग्ध मरीज गुरुवार को और मिला है। इस तरह संदिग्ध मरीजों की संख्या अब 48 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं परन्तु अभी तक एक की भी जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा ने अफसरों को अस्पतालों में साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं और केंद्र सरकार से संपर्क कर आग्रह किया है कि स्वाइन फ्लू की जांच के लिए लेबोरेट्री की संख्या में इजाफा किया जाए। दूसरी ओर हालात का जायजा लेने आए केंद्रीय जांच दल ने राजधानी के अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications