अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त हुआ वंश
छिंदवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि दमुआ थाना क्षेत्र के निवासी मिगलानी के पुत्र वंश का घर के बाहर से बुधवार को अपहरण कर लिया गया था।
मिगलानी द्वारा दमुआ थाने में अपने बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। मिगलानी के घर लगातार आ रहे फोन के जरिए अपहरणकर्ता 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग रहे थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरूकी तब उसे सबसे पहले मिगलानी के पुराने नौकर राहुल पर शक हुआ। पुलिस ने राहुल को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। राहुल ने अपने एक दोस्त मुकेश का नाम लिया। पुलिस ने जब मुकेश को पकड़ा तब उसने अपरहण का मकसद और उसमें शामिल लोगों के नाम उगल दिए।
सांघी के मुताबिक पुलिस के सामने वंश को सही सलामत अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराना सबसे बड़ी चुनौती था। पुलिस ने सतर्कता के साथ आरोपियों द्वारा बताए गए जुन्नारदेव थाने के गांव मोड़ाई में गुरुवार शाम दबिश दी तो खाली पड़े मकान में वंश मिल गया। पुलिस ने इस अपहरणकांड में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications