अमेरिका को दुश्मन मानते हैं 64 फीसदी पाकिस्तानी : सर्वेक्षण
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 14 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान में सिर्फ नौ फीसदी लोग ही अमेरिका को अपना साझेदार मानते हैं जबकि 64 फीसदी उसे एक शत्रु राष्ट्र के रूप में देखते हैं। यह बात हाल ही में हुए एक सर्वेक्षण में सामने आई है।
इस सर्वेक्षण पर अमेरिकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स ने कहा, "पाकिस्तानियों को हमें लेकर चिंता इसलिए है कि हम दो बार पाकिस्तान से सैन्य संबंध तोड़ चुके हैं। अमेरिका को पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध कायम रखने के लिए विश्वास बहाल करना करना होगा।"
उल्लेखनीय है कि पहली बार अफगानिस्तान से सोवियत सेनाओं के जाने के बाद और दूसरी बार 90 के दशक में अमेरिका ने पाकिस्तान से अपने सैन्य संबंध तोड़ लिए थे।
गेट्स ने कहा, "हमारा सैन्य संबंध प्रभावित हुआ है। मेरा मानना है कि पाकिस्तानियों के जेहन में सवाल यह है कि इस बार हम वहां कब तक ठहरेंगे।"
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि पाकिस्तानी लोगों का इस बात को लेकर विश्वास बहाल करने में थोड़ा समय लगेगा कि हम पाकिस्तान के पुराने मित्र और साझेदार हैं।"
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि सर्वेक्षण से पता चलता है कि पाकिस्तान के पश्चिम में आतंकवाद के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को पाकिस्तानी जनता का अपार समर्थन मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications