छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 22 संदिग्ध मामले
रायपुर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामलों की संख्या चार से बढ़कर 22 हो गई है। यह जानकारी गुरुवार को एक स्वास्थ्य अधिकारी ने दी।
देश में स्वाइन फ्लू के ज्यादातर संदिग्ध मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं और उसका पुणे शहर इससे सर्वाधिक प्रभावित है। पुणे में इस बीमारी से 11 मौते हो चुकी हैं। देश भर में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो चुकी है।
डॉक्टर भीमराव आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज एंड हॉस्पिटल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष अरविंद नेराल ने संवाददाताओं को बताया, "अभी तक कुछ 22 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं और हमें नतीजों का इंतजार है।"
सभी संदिग्ध मरीजों को एंटी-बायॉटिक्स दी गई हैं और उन्हें जांच के नतीजे आने तक घरों में एकांत में रहने की सलाह दी गई है। सरकार ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ बनाया है।
प्रशासन ने गुरुवार को रायपुर हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सक तैनात करने की घोषणा की ताकि अन्य राज्यों विशेषकर दिल्ली और महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की जांच की जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications