तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में हिंसा भड़का रही है : वामदल
उधर, तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र सरकार से एक प्रतिनिधिमंडल भेजकर राज्य की स्थिति का जायजा लेने और उसके मद्देनजर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।
लोकसभा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बासुदेव आचार्य ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "तृणमूल कांग्रेस के अधिकांश मंत्री राज्य में डेरा डाले हुए हैं और हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं। उनका इरादा राष्ट्रपति शासन लागू करने लायक माहौल तैयार करना है ताकि वे जल्द से जल्द राज्य में विधानसभा चुनाव करवा सकें।"
लालगढ़ की हिंसा का जिक्र करते हुए आचार्य ने कहा कि जहाजरानी राज्यमंत्री मुकुल रॉय और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री अधिकारी इस क्षेत्र में पिछले एक महीने से डेरा डाले हुए हैं। नक्सलियों के साथ मिलकर वे राज्य में हिंसा फैला रहे हैं।
लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के मुख्य सचेतक सुदीप बंदोपाध्याय ने आईएएनएस से कहा, "राज्य के कई हिस्सों में राज्य सरकार प्रायोजित आतंकवाद है। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। दलितों, आदिवासियों व अल्पसख्यकों की जिंदगी को खतरा पैदा हो गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications