स्वाइन फ्लू से शिशु और दो महिलाओं की मौत, मृतकों की संख्या 20 (लीड-3)
महाराष्ट्र में अब तक फ्लू से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा बेंगलुरू, अहमदाबाद, वड़ोदरा, चेन्नई और तिरुवनंतपुरम में एक-एक लोगों की मौत हुई है।
देश में 1193 लोग इस बीमारी से संक्रमित हैं। इनमें से 589 को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
महाराष्ट्र स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि पुणे स्थित मुनोट अस्पताल में बुधवार देर रात नौ महीने के स्वाभिमान कांबले की मौत हो गई।
शिशु को सप्ताह के शुरुआत में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। कांबले की ससून अस्पताल में भी जांच की गई थी।
इसके अलावा पुणे के श्री नसिर्ंग होम में 37 वर्षीय अर्चना कोल्हे की गुरुवार दोपहर मौत हो गई। महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू से यह 15वीं और पुणे में 12वीं मौत हुई है।
ससून अस्पताल में 75 साल की एक महिला की गुरुवार दोपहर को मौत हो गई। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत की वजह स्वाइन फ्लू थी या नहीं।
बेंगलुरू के 'सेंट फिलोमिना हॉस्पिटल' में स्वाइन फ्लू से बुधवार को 26 वर्षीया स्कूल शिक्षक रूपा की मौत हो गई। अस्पताल के निदेशक शंकर प्रसाद ने बताया कि जांच में उक्त महिला के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है।
रूपा को सात अगस्त को निमोनिया और सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उसकी हालत बिगड़ने लगी और बुधवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। महिला की जांच रिपोर्ट राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान से गुरुवार को प्राप्त हो सकी।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से मौत का यह पहला मामला है। यहां अब तक 522 लोगों जांच की गई है जिनमें से 97 में फ्लू की पुष्टि हुई है।
पुणे के ससून अस्पताल में एक 75 वर्षीय महिला भारती की गुरुवार को मौत हो गई। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है वह फ्लू से पीड़ित थी या नहीं।
मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद :
मुंबई में स्वाइन फ्लू के मद्देनजर गुरुवार से सात दिन तक स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं जबकि थिएटर और मल्टीप्लेक्स चार दिन के लिए बंद किए गए हैं। मुंबई में हालांकि गुरुवार को बसों, लोकन ट्रेनों में दफ्तर जाने वालों की भीड़ आम दिनों जैसी ही थी सिर्फ स्कूल बसें नदारद थीं।
दहशत में मास्क न खरीदें :
इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को कहा कि दहशत की वजह से लोग मास्क न खरीदें। मास्क सिर्फ एच1एन1 से संक्रमित मरीजों या फिर इसके संदिग्ध लक्षणों से ग्रसित लोगों को ही लगाने चाहिए।
उन्होंने कहा, "स्वाइन फ्लू के लक्षणों वाले व्यक्ति को अपने चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए और उचित ऐहतियात बरतनी चाहिए। उन्हें वायरस के प्रसार को रोकने के लिए संपर्क सीमित रखना चाहिए और घर में ही ठहरना चाहिए।"
लोगों के दहशत में आकर मास्क खरीदने की वजह से बाजार में इनकी किल्लत हो गई थी। ऐसी रपटें भी सामने आई थीं जिनमें कहा गया था कि बहुत से कैमिस्ट उनकी जमाखोरी कर रहे हैं और उनकी मनमाने दामों पर बिक्री कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में मरीजों की संख्या 16 हुई :
उत्तर प्रदेश में इस बीमारी के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। अकेले लखनऊ में ही स्वाइन फ्लू के रोगियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। अभी यहां पर 27 नये नमूनों की जांच बाकी है।
लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख एस. ढोले ने बताया कि बुधवार शाम को तीन नमूने जांच के लिए गए थे, जिनमें से एक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
छत्तीसगढ़ में 22 मामले :
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामलों की संख्या चार से बढ़कर 22 हो गई है। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज एंड हॉस्पिटल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष अरविंद नेराल ने बताया, "अभी तक 22 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं और हमें नतीजों का इंतजार है।"
पश्चिम बंगाल में मरीजों की संख्या 18 :
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को पांच और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 18 हो गई।
उड़ीसा में 7 संदिग्ध मामले :
उड़ीसा में पिछले दो दिनों में स्वाइन फ्लू के सात संदिग्ध मामले सामने आए हैं। राज्य स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष के चिकित्सा अधिकारी बिकाश पटनायक ने आईएएनएस को बताया कि 12 व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की जांच की गई है, जिनमें से पांच के नतीजे नकारात्मक रहे। अन्य सात नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications