भारत दक्षिण एशिया की प्रमुख ताकत : हॉलब्रुक
वाशिंगटन, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका अफगानिस्तान और पाकिस्तान की क्षेत्रीय राजनीति के बारे में भारत को सूचना देना जारी रखेगा क्योंकि वह भारत को दक्षिण एशिया की प्रमुख ताकत मानता है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक ने गुरुवार को वाशिंगटन में एक परिचर्चा में कहा, "दक्षिण एशिया क्षेत्र में भारत एक बड़ा कारक और प्रमुख ताकत है।"
उन्होंने कहा कि पिछले तीन प्रशासनों से अमेरिका-भारत के बीच संबंधों में सुधार की प्रक्रिया लगातार जारी है।
हॉलब्रुक ने कहा कि भारत उनके कार्यक्षेत्र में नहीं है लेकिन वह दूतावास के संपर्क में रहते हैं। भारतीय राजदूत मीरा शंकर के साथ उन्होंने हाल ही में रात्रिभोज भी किया।
बहरहाल इस सप्ताह पाकिस्तान और अफगानिस्तान के दौरे के समय उनकी भारत यात्रा की संभावना नहीं है।
हॉलब्रुक शनिवार को दौरे पर रवाना होंगे और पहले पाकिस्तान और फिर अफगानिस्तान पहुंचेंगे। इसके बाद वह लोकतांत्रिक पाकिस्तान के मित्रों की बैठक में हिस्सा लेने इस्तांबुल रवाना होंगे। वहां से वापस लौटकर वह अफगानिस्तान में चुनाव की स्थिति का जायजा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications