स्वाइन फ्लू से शिक्षिका और शिशु की मौत, मृतकों की तादाद 19 (लीड-2)
महाराष्ट्र स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि पुणे स्थित मुनोट अस्पताल में बुधवार देर रात नौ महीने के स्वाभिमान कांबले की मौत हो गई।
शिशु को सप्ताह के शुरुआत में स्वाइन फ्लू के लक्षण देखने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू से यह 14वीं और पुणे में 11वीं मौत हुई है।
इसके अलावा पुणे के ससून अस्पताल में 75 साल की एक महिला की गुरुवार दोपहर को मौत हो गई। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत की वजह स्वाइन फ्लू थी या नहीं।
मुंबई में स्वाइन फ्लू के मद्देनजर गुरुवार से सात दिन तक स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं जबकि थिएटर और मल्टीप्लेक्स चार दिन के लिए बंद किए गए हैं। मुंबई में हालांकि गुरुवार को बसों, लोकन ट्रेनों में दफ्तर जाने वालों की भीड़ आम दिनों जैसी ही थी सिर्फ स्कूल बसें नदारद थीं।
बेंगलुरू के 'सेंट फिलोमिना हॉस्पिटल' में स्वाइन फ्लू से बुधवार को 26 वर्षीया एक महिला की मौत हो गई। अस्पताल के निदेशक शंकर प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि जांच में उक्त महिला के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है।
रूपा नाम की इस महिला को गत सात अगस्त को निमोनिया और सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उसकी हालत बिगड़ने लगी और बुधवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया।
प्रसाद ने बताया कि रूपा के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने के बारे में बुधवार रात को ही पता चला।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से मौत का यह पहला मामला है। यहां अब तक 522 लोगों जांच की गई है जिनमें से 97 में फ्लू की पुष्टि हुई है।
इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को कहा कि दहशत की वजह से लोग मास्क न खरीदें। मास्क सिर्फ एच1एन1 से संक्रमित मरीजों या फिर इसके संदिग्ध लक्षणों से ग्रसित लोगों को ही लगाने चाहिए।
उन्होंने कहा, "स्वाइन फ्लू के लक्षणों वाले व्यक्ति को अपने चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए और उचित ऐहतियात बरतनी चाहिए। उन्हें वायरस के प्रसार को रोकने के लिए संपर्क सीमित रखना चाहिए और घर में ही ठहरना चाहिए।"
लोगों के दहशत में आकर मास्क खरीदने की वजह से बाजार में इनकी किल्लत हो गई थी। ऐसी रपटें भी सामने आई थीं जिनमें कहा गया था कि बहुत से कैमिस्ट उनकी जमाखोरी कर रहे हैं और उनकी मनमाने दामों पर बिक्री कर रहे हैं।
मीडिया में प्रसारित खबरों के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को औषधि नियंत्रकों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की थी और उनसे मास्क की जमाखोरी करने वालों तथा अवैध रूप से टैमीफ्लू बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा था।
लखनऊ से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक और व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के साथ ही उत्तर प्रदेश में इस बीमारी के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख एस. ढोले ने बताया कि बुधवार शाम को तीन नमूने जांच के लिए गए थे, जिनमें से एक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
ढोले ने बताया कि अकेले लखनऊ में ही स्वाइन फ्लू के रोगियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। राज्य में सिर्फ एसजीपीजीआईएमएस में ही अधिकारिक तौर पर स्वाइन फ्लू के नमूनों की जांच की जा रही है। अभी यहां पर 27 नये नमूनों की जांच बाकी है।
रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामलों की संख्या चार से बढ़कर 22 हो गई है। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज एंड हॉस्पिटल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष अरविंद नेराल ने संवाददाताओं को बताया, "अभी तक 22 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं और हमें नतीजों का इंतजार है।"
सभी संदिग्ध मरीजों को एंटी-बायॉटिक्स दी गई हैं और उन्हें जांच के नतीजे आने तक घरों में एकांत में रहने की सलाह दी गई है। सरकार ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ बनाया है।
प्रशासन ने गुरुवार को रायपुर हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सक तैनात करने की घोषणा की ताकि अन्य राज्यों विशेषकर दिल्ली और महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की जांच की जा सके।
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को पांच और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 18 हो गई।
स्वाइन फ्लू के लिए राज्य के नोडल अधिकारी तपस सेन ने बताया कि गुरुवार को पांच संक्रमित मामले सामने आए हैं उन सभी को बेलियाघाट संचारी रोग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले कोलकाता में झारखंड के एक निवासी में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने की सूचना मिली थी।
इस बीच भुवनेश्वर से प्राप्त जानकारी के अनुसार उड़ीसा में पिछले दो दिनों में स्वाइन फ्लू के सात संदिग्ध मामले सामने आए हैं। राज्य स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष के चिकित्सा अधिकारी बिकाश पटनायक ने आईएएनएस को बताया कि 12 व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की जांच की गई है, जिनमें से पांच के नतीजे नकारात्मक रहे। अन्य सात नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications