बच्चों को ढाल बना उगाही कर रहे हैं आतंकवादी
गुवाहाटी, 13 अगस्त (आईएएनएस)। असम में सक्रिय अलगाववादी संगठन उगाही के लिए बच्चों को अपना आसान जरिया बना रहे हैं। यह खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस ने बुधवार रात एक कारोबारी से उगाही की रकम वसूलने वाले दो बच्चों को पकड़ा।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार रात प्रतिबंधित संगठन 'नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड' (एनडीएफबी) ने गणेश दास और बाबू चेतरी नाम के दो बच्चों को गुवाहाटी के गणेशगुरी इलाके में एक कारोबारी से उगाही की रकम लाने के लिए भेजा था। दोनों की उम्र आठ वर्ष है।
यह पहला ऐसा मामला सामने आया है जहां आतंकवादियों ने उगाही की रकम को लाने के लिए बच्चों का इस्तेमाल किया है। विशेष कार्रवाई बल के अतिरिक्त निरीक्षक मानवेंद्र देबराय ने आईएएनएस से कहा, "अपनी गतिविधियों में बच्चों का इस्तेमाल करना आतंकवादियों के लिए असान तरीका है।"
देबराय ने कहा, "हमें कारोबारी से सूचना मिली कि एनडीएफबी के दो आतंकवादी बुधवार रात 8.30 बजे उगाही की रकम लेने आने वाले हैं। कारोबारी ने बताया कि उनमें से एक लाल रंग की टी-शर्ट पहना रहेगा।"
उन्होंने बताया, "हमने सादी वर्दी में कमांडो को उस इलाके में तैनात किया। हमारे लिए यह यकीन करना कठिन था कि उगाही करने के लिए दो बच्चे आएंगे।"
गणेश ने संवाददाताओं को बताया, "सड़क पर कुछ लड़कों ने हम दोनों को 100-100 रुपये दिए और दुकान में जाकर पैकेट लेने के लिए कहा। मुझे पहनने के लिए एक लाल रंग की टी-शर्ट और साथ में एक पत्र भी दिया गया था।"
बाबू चेतरी ने कहा, "हम नहीं जानते थे कि पैकेट में क्या है। हमें उन्होंने पैसा दिया इसलिए हम पैकेट लाने के लिए राजी हुए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications