छत्तीसगढ़ में स्वाधीनता दिवस के मौके पर हाई अलर्ट
पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा, "नक्सली हमलों की आशंका और उनकी ओर से किए गए स्वतंत्रता दिवस समारोह के बहिष्कार के आह्वान के कारण पूरे राज्य में हाई अलर्ट कर दिया गया है।" उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 18 जिलों में सरकारी प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
विश्वरंजन ने कहा कि नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा होटलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।
परेड ग्राउंड की सुरक्षा का जिम्मा आतंकवाद निरोधक दस्ते को दिया गया है। यहां 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह होने वाला है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में नवंबर 2000 से अब तक नक्सली हिंसा में 1,500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले महीने नक्सली हिंसा में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी सहित 28 जवान शहीद हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications