स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 18 हुई(लीड-1)
राज्य स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि पुणे स्थित मुनोट अस्पताल में बुधवार देर रात नौ महीने के स्वाभिमान कांबले की मौत हो गई। शिशु को सप्ताह के शुरुआत में स्वाइन फ्लू के लक्षण देखने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
देश में स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक मौते महाराष्ट्र में हुई हैं। इनमें से पुणे में सर्वाधिक 11 मौते हुई है। मुंबई और नासिक में एक-एक व्यक्ति की मौत इस बीमारी से हुई है।
मुंबई में स्वाइन फ्लू के मद्देनजर गुरुवार से सात दिन तक स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं जबकि थिएटर और मल्टीप्लेक्स चार दिन तक बंद गए हैं। इसके बावजूद मुंबई में गुरुवार को बसों, लोकन ट्रेनों में दफ्तर जाने वालों की भीड़ आम दिनों जैसी ही थी सिर्फ स्कूल बसें नदारद थीं।
लखनऊ से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक और व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के साथ ही उत्तर प्रदेश में इस बीमारी के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
लखनऊ के संजय गांधी स्नाकोत्तर आयुर्वेदिक संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख एस. ढोले ने गुरूवार को आईएएनएस को बताया कि बुधवार शाम को तीन नमूने जांच के लिए गए थे, जिनमें से एक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
ढोले ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति लखनऊ का रहने वाला है। अकेले लखनऊ में ही स्वाइन फ्लू के रोगियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। राज्य में सिर्फ एसजीपीजीआईएमएस में ही अधिकारिक तौर पर स्वाइन फ्लू के नमूनों की जांच की जा रही है। अभी यहां पर 27 नये नमूनों की जांच बाकी है।
रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामलों की संख्या चार से बढ़कर 22 हो गई है। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज एंड हॉस्पिटल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष अरविंद नेराल ने संवाददाताओं को बताया, "अभी तक कुछ 22 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं और हमें नतीजों का इंतजार है।"
सभी संदिग्ध मरीजों को एंटी-बायॉटिक्स दी गई हैं और उन्हें जांच के नतीजे आने तक घरों में एकांत में रहने की सलाह दी गई है। सरकार ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ बनाया है।
प्रशासन ने गुरुवार को रायपुर हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सक तैनात करने की घोषणा की ताकि अन्य राज्यों विशेषकर दिल्ली और महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की जांच की जा सके।
उधर, पश्चिम बंगाल में गुरुवार को झारखंड के एक निवासी में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में इससे पीड़ितों की संख्या 14 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि झारखंड के देवघर का निवासी राजेश कुमार सिंह निजी काम से कोलकाता आया था। पिछले कुछ दिनों से बुखार, बदन दर्द, सर्दी-जुकाम से पीड़ित रहने के बाद सिंह बुधवार को बेलियाघाट संचारी रोग संस्थान पहुंचा और जांच के बाद स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाया गया।
स्वाइन फ्लू से संक्रमित पांच व्यक्तियों का अस्पताल में अलग वार्ड में इलाज हो रहा है। दो अन्य संदिग्ध मरीजों को गुरुवार को भर्ती कराया गया।
इस बीच भुवनेश्वर से प्राप्त जानकारी के अनुसार उड़ीसा में पिछले दो दिनों में स्वाइन फ्लू के सात संदिग्ध मामले सामने आए हैं। राज्य स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष के चिकित्सा अधिकारी बिकाश पटनायक ने आईएएनएस को बताया कि 12 व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू की जांच की गई है, जिनमें से पांच के नतीजे नकारात्मक रहे। अन्य सात नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications