अमेरिका में फिर फैल सकता है स्वाइन फ्लू
वाशिंगटन, 13 अगस्त (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक अमेरिका में एक बार फिर से यह बीमारी पांव पसार सकती है।
अमेरिका में जून के मध्य में वाशिंगटन डीसी सहित सभी 50 प्रांतों में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दी थी। यहां इस बीमारी से 436 लोगों की मौत हुई थी और 6,500 से अधिक लोगों को अस्पतालों में भर्ती होना पड़ा था।
स्वास्थ्य अधिकारियों को भय है कि अगले कुछ हफ्तों में जब विद्यालय फिर से खुलेंगे तो स्वाइन फ्लू का संक्रमण एक बार बढ़ सकता है। खासकर अक्टूबर में जब ठंड और शुष्क मौसम लौटेगा तो इस बीमारी के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
पिछले बसंत में जब पहली बार अमेरिका में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दी थी तो सैंकड़ों शिक्षण संस्थानों को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया था। इस बार ऐसी स्थिति से निपटने के लिए प्रांतीय और स्थानीय अधिकारी अभी से ही तैयारी कर रहे हैं।
रोग नियंत्रण और बचाव केंद्र (सीडीसी) के प्रमुख जोसेफ एस.ब्रीज ने कहा, "हमें डरने की जरूरत नहीं है लेकिन इसके बावजूद हम सतर्कता बरत रहे हैं।" स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए प्रशासन योजना बना रहा है।
प्रशासन ने सात अगस्त को विद्यालयों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए, जिनमें सीडीसी और अमेरिकी शिक्षा विभाग ने स्वाइन फ्लू की स्थिति में भी स्कूलों को बंद नहीं करने की बात कही है। विभाग ने कहा कि जब तक बड़ी संख्या में स्वाइन फ्लू के मामले की पुष्टि नहीं हो जाए तब तक स्कूलों को बंद करने का फैसला नहीं करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications