भारत व बांग्लादेश के बीच तिपाईमुख परियोजना पर अगले माह चर्चा
मोनी ने बुधवार को बताया कि वह सितंबर के पहले सप्ताह में भारत जाएंगी। इससे पहले बांग्लादेश के एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने मणिपुर स्थित तिपाईमुख क्षेत्र का हवाई दौरा किया था।
संसदीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल अवामी लीग के वरिष्ठ नेता और पूर्व जल संसाधन मंत्री अब्दुर रज्जाक के हवाले से बांग्लादेशी समाचार पत्र 'द डेली स्टार' ने गुरुवार को इस संबंध में रिपोर्ट प्रकाशित की है।
रज्जाक ने कहा है कि भारत ने आश्वासन दिया कि बराक नदी पर प्रस्तावित परियोजना पनबिजली संयंत्र से संबंधित होगी। उन्होंने कहा कि यह सिंचाई संबंधित परियोजना नहीं होगी।
रज्जाक ने कहा कि तिपाईमुख स्थल पर भारत पानी के बहाव को रोकने के लिए बराज का निर्माण नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "भारत ने बांध के निर्माण के बाद सूखे के मौसम में बराक, सुरमा और कुशीआरा नदी में छोड़े जाने वाले जल की मात्रा के संबंध में जानकारी दी।"
रज्जाक ने कहा कि तिपाईमुख बांध के निर्माण से बांग्लादेश में बाढ़ को नियंत्रित किया जा सकेगा। भारत के आश्वासन को उन्होंने बांग्लादेश के लिए 'उपलब्धि' करार दिया।
रज्जाक से जब पूछा गया कि क्या भारत अपने वादों को पूरा करेगा, तो उन्होंने कहा, "हम उन पर क्यों नहीं भरोसा करें? आखिर आजादी की जंग और कई अन्य अवसरों पर उन्होंने हमारी सहायता की है।"
रज्जाक ने भारत-पाकिस्तान सिंधु जल संधि का उल्लेख करते हुए कहा, "जब भारत और पाकिस्तान जल बंटवारे को लेकर बातचीत कर सकते हैं तो बांग्लादेश को भारत के साथ समझौता करने में क्या परेशानी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications