सजा के खिलाफ अपील करेंगी सू की : वकील
यंगून, 12 अगस्त (आईएएनएस)। म्यांमार में विपक्ष की नेता एवं नोबल शांति पुरस्कार विजेता आंग सांग सू की की खुद को सुनाई गई 18 महीनों की नजरबंदी की सजा के खिलाफ अपील करने की योजना है। यह जानकारी उनके वकील ने बुधवार को दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सू की के वकील न्यान विन ने बताया, "मैं फैसले की प्रमाणित प्रति हासिल करने की कोशिश करूंगा और उसके बाद सू की ओर से डिवीजनल कोर्ट में इस फैसले के खिलाफ अपील करुं गा।"
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यंगून में सू की के घर में दाखिल होने का प्रयास करने पर लोकतंत्र समर्थक नॉ ओन हला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मंगलवार को इंसेन जेल में बनी विशेष अदालत ने सू की, उनके दो घरेलू सहायकों और उनके घर में दाखिल होने वाले अमेरिकी नागरिक जॉन विलियम येट्टा को नजरबंदी तोड़ने का दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी।
अदालत ने पहले सू की और उनके घरेलू सहायकों को तीन साल के कठोर सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी जिसे बाद में सैनिक शासक सीनियर जनरल थान श्वे ने सजा कम करते हुए 18 महीने की नजरबंदी में तब्दील कर दिया था।
येट्टा को सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।
सू की को सुनाई गई इस सजा की वजह से उनका अगले वर्ष प्रस्तावित चुनावों में हिस्सा ले पाना संभव नहीं होगा।
अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने म्यांमार के फैसले की कड़ी आलोचना की है। म्यांमार के लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं ने अमेरिका की पूर्वी एशिया और प्रशांत मामलों की उपसमिति के अध्यक्ष सीनेटर जिम वैब को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि वह जुंटा को इस हफ्ते की अपनी प्रस्तावित म्यांमार यात्रा को दुष्प्रचार का माध्यम नहीं बनाने दें।
वैब येट्टा की जल्द रिहाई की अपील करने के लिए म्यांमार की यात्रा पर आने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications