पूर्वोत्तर राज्यों से बिजली खरीदेगा यूपी

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नवनीत सहगल ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि मौजूदा बिजली संकट को देखते हुए सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और छत्तीसगढ़ से 190 मेगावाट बिजली खरीदने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि इन राज्यों के पास जरूरत से अधिक बिजली की उपलब्धता है।
जल्द ही मिलने लगेगी 190 मेगावाट बिजली
सहगल ने बताया कि इन राज्यों से बातचीत हो चुकी है, बहुत जल्द राज्य को 190 मेगावाट बिजली मिलने लगेगी। उन्होंने कहा कि इसकी आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्रों में की जाएगी, जिससे सूखे के कारण उपजे सिंचाई संकट से किसानों को थोड़ी राहत मिले।
उन्होंने बताया कि जिस राज्य से भी प्रदेश को बिजली मिल सकती है, वहां से बिजली मंगाने की पूरी कोशिश की जा रही है। पिछले दिनों उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश को मिलने वाली 300 मेगावाट बिजली का करार समाप्त हो गया। प्रदेश में करीब 9,000 मेगावाट बिजली की मांग है जबकि राज्य सरकार अपने संसाधानों व केंद्र से तय कोटे के तहत 6,500 मेगावाट बिजली उपलब्ध करा पा रही है। केंद्र से प्रदेश को 3700 मेगावाट बिजली मिलती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications